Politics

एक थका हारा और अनुकंपा पर बहाल मुख्यमंत्री इतना सफ़ेद झूठ बोलने की हिम्मत कहाँ से जुटाता है- तेजस्वी

पटना (जागता हिंदुस्तान) कोरोना महामारी के कारण बिहार की चरमराई हुई स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। तेजस्वी ने कहा है कि बिहार की बदहाल महाभ्रष्ट स्वास्थ्य व्यवस्था पर आप स्वयं एक नजर डालिए तथा 16 वर्षों के मुख्यमंत्री की झूठी बनावटी बातों से इसकी तुलना कीजिए।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक थका हारा और अनुकंपा पर बहाल मुख्यमंत्री इतना सफ़ेद झूठ बोलने की हिम्मत कहाँ से जुटाता है? निसंदेह यह किसी शोध का विषय होना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री जी, जितनी ऊर्जा व जुगत आप विपक्षियों को फँसाने, जोड़ तोड़ तथा नीति, नियम, सिद्धांत और विचार त्याग अपनी जर्जर कुर्सी के टूटे पाये ठीक करने में लगाते है अगर उसका एक फ़ीसदी भी स्वास्थ्य संरचना और व्यवस्था ठीक करने में लगाते तो बिहारवासियों को बिन ईलाज नहीं मरना पड़ता।

तेजस्वी ने केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब सरकार को जागना चाहिए था तब भाजपा की एनडीए सरकार कोरोना बीमारी को ही नकार रही थी। फिर माना तब नमस्ते ट्रम्प व MP में सरकार बना ताली-थाली बजवा, दीया बत्ती जलवा रही थी। और जब मामले बढ़े तो गेंद राज्यों के पाले में फेंक दिया। जब केंद्र सरकार का कोई दायित्व ही नहीं है तो है किसलिए? चुनाव प्रचार के लिए?

नेता प्रतिपक्ष ने सवाल किया कि:-

  1. कोरोना संकट को एक साल बीत गया पर केंद्र और राज्य की ड़बल इंजन सरकार ने अब तक क्या ठोस कार्य किया?
  2. हेल्थ इंफ़्रास्ट्रक्चर को कितनी मजबूती दी?
  3. PM केयर्स फंड का कहाँ सदुपयोग हुआ?
  4. आरोग्य सेतु एप्प कितना कारगर हुआ?
  5. टीकाकरण की गति कछुआ चाल क्यों है?
  6. वेंटिलेटर, जरूरी दवाओं,बेड और संजीदगी की कमी क्यों है?

क्या नीतीश जी के पास 12 करोड़ बिहारवासियों के वाजिब सवालों का जवाब है? क्या 16 वर्षों के मुख्यमंत्री यह बता सकते है कि विगत एक वर्ष में वह ऑक्सीजन तक की उपलब्धता सुनिश्चित क्यों नहीं करा सके? कोरोना प्रबंधन को लेकर वह क्या कर रहे थे? बिहार की स्वास्थ्य सेवा ICU में भर्ती क्यों है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *