DistrictTRENDING

सिवान : ज़रूरतमंदों की मदद में जुटी है AISF की टीम, ‘कोरोना के खिलाफ जंग’ अभियान 20वें दिन भी रहा जारी

सिवान (जागता हिंदुस्तान) ऑल इण्डिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के छात्रों, अराजपत्रित प्रारंभिक शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के अभियान के 20 दिन पूरे हो गए। फूड फॉर हंगर एवं कोरोना से जंग अभियान के तहत छात्र-शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की टीम ने लगभग 4,000 परिवारों के बीच अभी तक राहत सामग्री पहुँचा चुके हैं। लगभग 200 बेहद जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री प्रतिदिन पहुँचाई जा रही है। राहत सामग्री में चावल, दाल, सरसो तेल, आलू, प्याज एवं हरी सब्जियां शामिल हैं। अभियान के क्रम में सिवान शहर के तुरहा टोली, बनिया टोली, शुक्ला टोली, नया किला, नवलपुर एवं सिवान शहर से सटे भादा में जरूरतमंदों के बीच राहत सामग्री वितरित किया।

अभियान में शामिल डॉ. के. एहतेशाम अहमद ने कहा कि किसी भी अभियान के 20 दिन पूरे होना मायने रखता है। इस अभियान के क्रम में जरूरतमंदों के बीच में हमारी प्रतिबद्ध साथियों ने न केवल राहत सामग्री पहुँचाई बल्कि सिवान के एक बड़े तबके के बीच भरोसा कायम किया है कि एक अच्छे मिशन के लिए जब आप आगे बढ़ते हैं तो उन हाथों को सहायता करने के लिए हर तरफ से लोग साथ आते हैं।

एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव सुशील कुमार ने कहा कि अभियान में शामिल सभी साथियो की प्रतिबद्धता की बदौलत एक मिशन परवान पर पहुँच पाया है और इस दौरान 4,000 बेहद जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री पहुंच पाई है। दिहाड़ी मजदूरों के बाद अब कम वेतनभोगी परिवार भी इसकी जद में आ चुके हैं। जब तक सिवान जिले को इसकी जरूरत होगी, अभियान जारी रहेगा।

अभियान में एआईएसएफ जिला संयोजक शशि कुमार, अराजपत्रित प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, जिला सचिव अशोक कुमार प्रसाद, जिला सह सचिव इरफान अली, एआईएसएफ नेता नीरज यादव, राजकमल, अफरोज अहमद, शिक्षक नेता अशोक साह, हाजी रेहान, रिजवान, रजनीश सिंह इमरान अली, मो. फिरोज, उमा चौरसिया, कादिर, ब्रजेश, तहसीन अलग-अलग टीमों में राहत सामग्री वितरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *