Politics

Bihar Assembly Election 2020 : तीन चौथाई बहुमत के साथ बनाएंगे सरकार- प्रकाश जावड़ेकर

पटना (जागता हिंदुस्तान) बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के 11 संकल्प के तहत आयोजित प्रेस वार्ता को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री, उद्योग तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने संबोधित किया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये एक अच्छी शुरुआत है, इससे पता चलता है कि संकल्प पत्र में जो संकल्प किए गए हैं उसके प्रति हम कितने गंभीर हैं।

प्रकाश जावडे़कर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का एक ही मंत्र है सबका विकास तथा विकास केंद्रित राजनीति। पहले देश में जातिगत, सांप्रदायिक राजनीति होती थी लेकिन पहली बार विकास के आधार पर किसी ने राजनीति की है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने की है और उसका परिणाम देखने को मिल रहा है। बिहार को दिए गए सवा लाख करोड़ के पैकेज के तहत होने वाले हर काम का हिसाब दे रहे हैं पर बिहार के लोगों ने ऐसा भी वक्त देखा है जब पुल की रकम खर्च हो जाती थी लेकिन पुल बनता ही नहीं था। अब काम भी हुआ, खर्च भी हुआ है और जनता को हिसाब भी दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों को सशक्त बनाने का काम किया है न कि उन्हें प्रलोभन देने का इसलिए प्रधानमंत्री मोदी पर लोगों को विश्वास है। हर गरीब को घर, शौचालय, गैस कनेक्शन, बिजली, स्वास्थ्य बीमा, अच्छी शिक्षा व कौशल मिले, ये मोदी जी ने सुनिश्चित किया है। राज्यों को हर संभव मदद दी जा रही है ताकि राज्य अपने विकास के काम कर सकें।

जावड़ेकर ने कहा कि एनडीए के शासन काल में ग़रीबों के खाते में सीधे पैसे भेजे जा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि मैं 100 रुपए भेजता हूं लेकिन 15 रुपए ही जनता को मिलते हैं पर अब 100 रुपए जाते हैं तो 100 के 100 गरीबों के खाते में जमा होते हैं, ये एक नई क्रांति है। देश में 40 महीने में 40 करोड़ जन धन खाते खोले गए
जिसके कारण ये संभव हो पाया कि ग़रीबों को सीधे आर्थिक मदद दी जा रही है।

बिहार पैकेज का हिसाब देते हुए उन्होंने बताया कि बिहार में 50 लाख करोड़ रुपए सड़क बनाने पर खर्च हुए हैं जिसके तहत छपरा-मुज़फ़्फ़रपुर रोड, भागलपुर में बाइपास, 21 हजार किलोमीटर की ग्रामीण सड़क तथा मुंगेर में 18 किलोमीटर लंबे पुल निर्माण हो रहा है। टैक्स के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन हुआ है, कर हस्तानांतरण 2014 में एक लाख 36 हजार करोड़ था जो अब बढ़कर 2 लाख 83 हजार करोड़ हो गया है। ठेले, वेंडर, रेहड़ी-पटरी वाले, सबको आर्थिक मदद दी गई है। 80 लाख महिलाओं को कोरोना काल में मुफ्त सिलेंडर दिए गए, 2 लाख 37 हजार कर्मचारियों को ईपीएफओ का लाभ मिला तथा 60 लाख किसानों को 2-2 हजार एडवांस मिले और कुल मिलाकर 12 करोड़ किसानों को 91 हजार करोड़ दिए गए। उन्होंने कहा कि सबको सशक्त बनाते हुए विकास करना ही हमारा लक्ष्य है।

चुनाव में जीत का दावा और एनडीए की स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में हम तीन चौथाई बहुमत लेकर आएंगे क्योंकि हमारे साथ देश के नेता नरेंद्र मोदी हैं और प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा तथा विकासशील इंसान पार्टी जैसे चार दल हैं जो बड़ी ताकत हैं और जनता का विश्वास हमारे साथ है।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख, प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल समेत कई भाजपा नेता
मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *