Politics

बिहार BJP की नई टीम पर RJD का तंज, कहा- ब्राह्मणों की हुई उपेक्षा

पटना (जागता हिंदुस्तान) राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने भारतीय जनता पार्टी पर ब्राह्मणों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। राजद नेता ने कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा आधार वोट ब्राह्मण है, जिसे नयी प्रदेश कमिटी में पूर्ण रूप से उपेक्षित कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की पिछली प्रदेश कमिटी में गोपाल जी ठाकुर और मृत्युन्जय झा उपाध्यक्ष थे, जिन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। एक भी ब्राह्मण को महामंत्री नहीं बनाया गया। यही स्थिति नव मनोनीत प्रवक्ताओं की सूची में है। पिछले बार प्रवक्ता रहे जीवेश मिश्र और आनन्द झा को प्रवक्ताओं की सूची से बाहर कर दिया गया। इनके बदले किसी दूसरे ब्राह्मण को भी प्रवक्ता की जिम्मेवारी नहीं दी गई।

राजद नेता ने कहा कि लग रहा है कि भाजपा को अपने सबसे बड़े वोट बैंक ‘ब्राह्मण’ पर अब भरोसा नहीं रहा, जिसकी वजह से उसे भाजपा की नवगठित कमिटी से बाहर कर दिया गया है। गगन ने कहा कि ब्राह्मण जैसी स्वाभिमानी कौम निश्चित रूप से अपने इस अपमान का बदला लेगी और चाणक्य बनकर आज के चन्द्रगुप्त तेजस्वी प्रसाद यादव की ताजपोशी करने में अपना योगदान देगी।

बता दे कि बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉक्टर संजय जायसवाल ने शुक्रवार को टि्वटर के जरिये प्रदेश की नई 69 सदस्यीय कमेटी की घोषणा की है। नहीं कमेटी में कई पुराने चेहरों को जहां आउट किया गया है, वहीं कई नए चेहरे को जगह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *