Politics

बिहार BJP ने घोषित की नई टीम, कई पदाधिकारियों की हुई छुट्टी

पटना (जागता हिंदुस्तान) चुनावी मौसम के साथ ही बिहार भाजपा ने अपनी नई टीम की भी घोषणा कर दी है। इस संबंध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर संजय जयसवाल ने ट्विटर के जरिये बिहार भाजपा की 69 सदस्यीय नई टीम की घोषणा की। इसके तहत टीम में कुल 12 प्रदेश उपाध्यक्ष और 12 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं। वहीं 9 लोगों को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश के संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी नागेंद्र जी को सौंपी गई है जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री शिव नारायण महतो को बनाया गया है।

तीन प्रदेश महामंत्री बदले गए

अगर बात करें चार प्रदेश महामंत्री की तो इसमें पूर्व के महामंत्री में से सिर्फ एक सुशील चौधरी को जगह मिली है। शेष 3 नए महामंत्री बनाए गए हैं। जिनमें दीघा से विधायक संजीव चौरसिया को स्थान मिला , वही राज्यसभा के टिकट के लिए प्रबल दावेदार माने जाने वाले जनक राम को भी प्रदेश का महामंत्री बनाया गया है।

प्रदेश उपाध्यक्ष की संख्या में कटौती

बिहार बीजेपी की गठित नई टीम में नए चेहरों को तवज्जो दी गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष की संख्या 14 से घटाकर 12 की गई है। अजय निषाद, ओम प्रकाश यादव ,राजेंद्र सिंह ,राजेंद्र गुप्ता ,मिथिलेश तिवारी ,राधा मोहन शर्मा, प्रमोद चंद्रवंशी ,पिंकी कुशवाहा ,नीतीश मिश्रा ,राजेश वर्मा ,राजीव रंजन और बेबी कुमारी को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया।

प्रदेश मंत्रियों के भी बदले गए चेहरे

बिहार बीजेपी के पदाधिकारियों की नई टीम में घोषित 12 प्रदेश मंत्रियों में रूपनारायण मेहता, अमृता भूषण, प्रवीण तांती और सजल झा के 4 नाम ही ऐसे हैं जो पुराने हैं । शेष 8 प्रदेश मंत्री में सिद्धार्थ संभु, शंभू शरण पटेल ,बेबी चंकी, धर्मशिला गुप्ता, अजय यादव ,पूनम शर्मा, शीला प्रजापति और संजीव क्षत्रिय नए चेहरे लाए गए हैं। वही कोषाध्यक्ष जिम्मेवारी दिलीप जायसवाल और सह कोषाध्यक्ष श्यामा सिंह को बनाया गया है।

प्रदेश प्रवक्ता की संख्या भी हुई कम

बिहार में विपक्ष को जवाब देने के लिए प्रदेश प्रवक्ता की संख्या 11 से घटाकर 9 कर दी गई है। इनमें से 6 नाम तो पुराने हैं लेकिन 3 नए प्रवक्ता को जगह मिली है जिनमें अरविंद सिंह, रामसागर सिंह और विवेकानंद पासवान शामिल हैं। मनोज शर्मा, प्रेम रंजन पटेल, संजय टाइगर, निखिल आनंद, अखिलेश सिंह और अजफर शमशी पहले की तरह प्रदेश प्रवक्ता बने रहेंगे। वहीं पहले प्रदेश प्रवक्ता के तौर पर मौजूद रहे अजीत चौधरी को प्रमोट कर अनुसूचित जाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

बता दें कि बिहार भाजपा की नई टीम में हर वर्ग के लोगों को जगह देने की कोशिश की गई। जहां एक तरफ राज्यसभा टिकट के दावेदार पूर्व कार्यालय प्रभारी देवेश कुमार को महामंत्री बनाया गया, तो कार्यालय प्रभारी के तौर पर वैश्य समाज से आने वाले सुरेश रूंगटा को जगह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *