Politics

कच्ची दरगाह में हुआ नाव हादसा बेहद दर्दनाक, सरकार पीड़ितों का कराए इलाज- राजू दानवीर

पटना (जागता हिंदुस्तान) स्वतंत्रता दिवस की पूर्व रात्रि पर पटना के कच्ची दरगाह में हुआ नाव हादसे को जन अधिकार पार्टी ने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक बताया है।

पार्टी के युवा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राजू दानवीर ने इस घटना को लेकर कहा कि यह घटना हृदयविदारक है, जो बिजली विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग की गलतियों का नतीजा है। इसलिए सरकार को इस घटना के पीड़ितों का इलाज करवाना चाहिए। साथ ही जो लोग लापता हैं, उनकी खोज के लिए भी कदम उठाने चाहिए।

दानवीर ने कहा कि घटना 14 अगस्त की है, जब तकरीबन रात्रि 9 बजे से 10 बजे के बीच एक नाव कच्ची दरगाह से रुस्तमपुर की ओर जा रही थी। इस क्रम में नाव हाई टेंशन बिजली के तार के चपेट में आ गयी, जो गंगा के जल स्तर से मात्र 4 फीट की ऊंचाई पर है। ये घटना बिजली विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग की अकर्मण्यता की वजह से घटी, जिसमें लोग बिजली के करेंट से झुलस गए और भारी संख्या में लोग जान बचाने के लिए रात्री में गंगा में कूद गए, जो अब लापता हैं। कुछ लोग वहीं स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। कुछ का ईलाज एनएमसीएच में चल रहा है।

उन्होंने बताया कि हमें जैसे ही इस हृदयविदारक घटना के बारे में जानकारी मिली, अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पप्पू यादव जी के निर्देशानुसार देर रात्री कच्ची दरगाह के स्थानीय अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही अस्पताल में भर्ती लोगों की मदद भी की। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता प्रेमचंद सिंह, राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन पप्पू, जिला अध्यक्ष पटना पूर्वी सचिदानंद राय, बब्लू यादव व राहुल यादव, सुधीर कुमार, सुजीत कुमार समेत कई युवा नेता भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस घटना में पीड़ित लोगों को बचाने के लिए जन अधिकार पार्टी के सेवक खड़े हैं। अगर किसी को बचाने के लिए प्राइवेट हॉस्पीटल में भी ले जाना पड़े तो हम तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि यह चूक आपदा प्रबंधन विभाग और बिजली विभाग की है। जब हाई टेंशन तार जलस्तर से इतने नजदीक थी, तो बिजली क्यों नहीं काटी। घटना के बाद भी आखिर उन्हें दिखा क्यों नहीं? सही मायने में यह घटना दिल को झकझोरने वाली है। हम और हमारी पार्टी पीड़ितों के साथ हैं। हमने आर्थिक मदद भी की है। जरूरत पड़ी तो आगे भी मदद जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *