जातीय गणना के आंकड़े फ़र्ज़ी, कोइरी-कुशवाहा समाज को कमज़ोर करना चाहते हैं नीतीश-तेजस्वी- राकेश कुशवाहा
पटना । बिहार में जातीय गणना की रिपोर्ट सरकार द्वारा सार्वजनिक करने के बाद से लगातार अलग-अलग समाज के संगठन इस पर सवाल उठा रहे हैं। इसी क्रम में शोषित सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सिंह कुशवाहा ने प्रेसवार्ता कर जातीय गणना के आंकड़ों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर आंकड़ों की बाज़ीगरी करने का आरोप लगाया है।
राकेश कुशवाहा ने कहा कि पहले तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरी समाज को कुशवाहा और दांगी में बांटकर उसे बीसी-1 और बीसी-2 में अलग-अलग रख दिया। अब जातीय गणना में कुशवाहा समाज को 10-12% जनसंख्या होने के बावजूद उसे कुर्मी के बराबर 4% के आसपास कर दिया। उन्होंने कहा कि बिहार का कुशवाहा समाज इस बात को किसी भी कीमत पर मानने को तैयार नहीं है।
राकेश कुशवाहा ने कहा कि वह गांधी मैदान में एक बड़ी रैली कर पूरे बिहार के कुशवाहा कोइरी समाज के लोगों को बुलाएंगे और उनकी गिनती करेंगे। इसके लिए बाकायदा एक टीम बनाकर पूरे बिहार में गांव गांव जाकर कोई भी कुशवाहा समाज के लोगों से मिलकर उन्हें जागरूक किया जाएगा। इसके बाद पटना के गांधी मैदान में एक बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा जिसमें बिहार भर से कोइरी-कुशवाहा समाज के लोग अपने आधार कार्ड के साथ गांधी मैदान पहुंचेंगे, जिसकी गिनती लेकर शोषित सेना और उसके सहयोगी संगठन मुख्यमंत्री आवास जाएंगे।
