मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रखी सामाजिक परिवर्तन की बुनियाद- ओमप्रकाश सेतु
पटना (जागता हिंदुस्तान) युवा जनता दल यू के प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश सिंह सेतु ने कहा है कि राज्य की नीतीश कुमार की सरकार ने शराबबंदी, बाल विवाह, दहेज प्रथा के खिलाफ अभियान चलाकर बिहार में सामाजिक परिवर्तन की बुनियाद रख दी है। इस प्रकार की सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान से राज्य में बड़े बदलाव आए हैं। यह दर्शाते हैं कि कानून के राज में ना तो किसी प्रकार के भ्रष्टाचार से कोई समझौता होगा ना ही किसी भी तरह की सामाजिक कुरीति से।
सेतु ने कहा कि राज्य में शराबबंदी के बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में काफी परिवर्तन आये। परिवारों में खुशहाली लौटी है। अपराध की दर में भी काफी कमी आयी है। शराबबंदी कानून के समर्थन में 2017 में मानव श्रृंखला बनाई। इस श्रृंखला में चार करोड़ से अधिक लोगों की मौजूदगी इस बात का सबूत थी की राज्य की जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फैसले के साथ है।
शराबबंदी कानून के बाद राज्य में बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ माननीय नीतीश कुमार ने अभियान प्रारंभ किया। इन कुरीतियों के खिलाफ भी बिहार के चप्पे चप्पे में करोड़ों लोगों ने ऐतिहासिक मानव श्रृंखला बनाई। इसके जरिए आम और खास लोगों ने कुप्रथाओं से दूर रहने का संदेश दिया।
सेतु ने कहा अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इंटरनेट के माध्यम से उपलब्ध स्ट्रीमिंग सर्विसेज पर सेंसरशिप लागू करने की अपील की है। इसके पहले भी वे अश्लील वेबसाइट को राज्य में प्रतिबंधित करने की मांग कर चुके है।
सेतु ने कहा राज्य के मुख्यमंत्री राजनीति के साथ-साथ सामाजिक मूल्यों को महत्व देते हैं। उनके द्वारा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ शुरू किए गए अभियान से समाज मे बड़े बदलाव हो रहे हैं।