Politics

भाजपा में शामिल हुए दरभंगा के समाजसेवी शंकर झा, कहा- मेरे लिए गर्व का क्षण

पटना । लोकसभा चुनाव 2024 का समय जैसे-जैसे करीब आ रहा है वैसे-वैसे बड़ी संख्या में दूसरे दलों के नेता व समाजसेवी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं।

इसी क्रम में बुधवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित मिलन समारोह में दरभंगा के समाजसेवी व बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शंकर झा ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने शंकर झा का पार्टी में आने पर स्वागत किया।

सदायता ग्रहण करने के बाद शंकर झा ने कहा कि आज उनके लिए गर्व का पल है कि वह विश्व की सबसे बड़ी पार्टी में शामिल हुए हैं । उन्होंने कहा कि वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी एवं प्रदेश नेतृत्व के आभारी हैं। झा ने कहा कि वह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे। वहीं जदयू के पूर्व एमएलसी रणवीर नंदन ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी लोगों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा को एकबार सत्ता में लाइए, यहां के अपराधी या तो नेपाल में होंगे या उनका गया में पिंडदान होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा बिहार को भयमुक्त बिहार बनाने की कल्पना के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि बिहार में बदलाव की जरूरत है। भाजपा को सत्ता में लाकर बिहार को श्रेष्ठ बनाना है। चौधरी ने कहा कि भाजपा ने कर्पूरी ठाकुर को दो बार, लालू प्रसाद को पहली बार और नीतीश कुमार को पांच बार कंधे पर बैठाकर सीएम बनाया, लेकिन अब भाजपा किसी को भी कंधे पर बैठाना बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा का ही कोई कार्यकर्ता मुख्यमंत्री बनेगा।

इस अवसर पर सासंद रविशंकर प्रसाद, राधामोहन सिंह, संजय जायसवाल, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री प्रेम कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा तथा प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *