Politics

पूर्व IAS अधिकारी गुलरेज़ होदा व पूर्व मंत्री पूर्णमासी राम ने लांच की अपनी पार्टी ‘जन संघर्ष दल’

पटना (जागता हिंदुस्तान) पूर्व आईएएस अधिकारी गुलरेज़ होदा और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री पूर्णमासी राम ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी “जन संघर्ष दल” लांच की।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलरेज़ होदा ने कहा कि, “मेरे मन में विकास के लिए संघर्ष है। विकास का मापदंड यह नहीं होना चाहिए कि पन्द्रह साल पहले क्या था और अब क्या है। विकास का मापदंड यह होना चाहिए कि किस चींज की कमी है और क्या करने की जरूरत है।”

आगे उन्होंने कहा कि, “हमारा जोर इस पर है कि वंचितों का पूर्ण रूप से समावेशी विकास कैसे हो। हम आम जनता के मुद्दों के साथ लोंगो के बीच जाएंगे और चुनाव लड़ेंगे। हम नया विकल्प है और विकास को नई गति प्रदान करेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य सुुरक्षा और भूमि प्रबंधन जन संघर्ष दल की पहली प्राथमिकताएं हैैं।”

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और गोपालगंज से पूर्व सांसद पूर्णमासी राम ने कहा कि, “गरीबों और वंचितों की बात हर चुनाव से पहले होती है लेकिन सरकार बनने के बाद इन्हें भुला दिया जाता हैं। हम गरीबों और वंचितों के लिए काम करेंगे। अनुसूचित जाति – जनजाति के लिए जो विद्यालय खोले गए हैं उनमें शिक्षक नहीं है। वहां से जो छात्र निकलते हैं वो दूसरे बच्चों के साथ प्रतिस्पर्धा नहीं कर सकते हैं। वो वापस फिर उसी गरीबी में चले जाते हैं जहां से वो आए थे।”

पार्टी के बारे में विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा कि, “हम सभी विधानसभा सीटों पर लड़ेंगे और जीतेंगे। दूसरी पार्टियां पांच साल जिस कार्यकर्ता से काम करवाती हैं उसे चुनाव के समय टिकट नहीं देतीं। उनके टिकट को बेच दिया जाता है। लेकिन हमारी पार्टी में काम करने वाले लोगों को ही टिकट दिया जाएगा।

इस मौके पर पार्टी के कोषाध्यक्ष रूहुल अमीन खान, वसी अहमद, विजय राम तथा अन्य नेता मौजूद थे।

आपको बता दें कि गुलरेज़ होदा विश्व बैंक के पूर्व निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं तथा अपने गैर सरकारी संस्था हिक़मत फांउडेशन के माध्यम से पश्चिम चंपारण में लड़कियों की शिक्षा के लिए कार्य कर रहे हैं। पूर्णमासी राम बगहा से पांच बार चुनकर विधानसभा के सदस्य रह चुके है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *