Crime

जीएनएम ऐडमिशन के नाम पर फर्जीवाड़ा, ए टू जेड एजुकेशनल मैनेजमेंट एंड वेलफेयर फाउंडेशन ने की करोड़ों की ठगी!

पटना । सुंदर भविष्य का सपना दिखाकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार के 100 से ज्यादा छात्र छात्राओं के साथ ए टू जेड एजुकेशनल मैनेजमेंट एंड वेलफेयर फाउंडेशन के द्वारा करोड़ों रुपए के फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया है। यह आरोप खुद को ठगी का शिकार बताने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके परिजनों ने फाउंडेशन के निदेशक लगन कुमार पांडे पर लगाया है। पीड़ित छात्र धर्मवीर कुमार के मुताबिक उनके अलावा लगभग डेढ़ सौ छात्र-छात्राओं ने पंजाब के भटिंडा स्थित गुरु नानक नर्सिंग इंस्टीट्यूट में जीएनएम में नामांकन के लिए लगन कुमार पांडे को लगभग एक-एक लाख रुपए दिए लेकिन पैसे लेने के बाद पांडे ने उन्हें जो फीस रिसिप्ट और बोनाफाइड लेटर दिया वह बाद में फर्जी निकला।

दरअसल छात्र छात्राओं ने जब भटिंडा स्थित गुरुनानक नर्सिंग इंस्टिट्यूट में अपने नामांकन को लेकर जानकारी मांगी तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। इंस्टिट्यूट प्रबंधन ने सीधे तौर पर कहा कि लगन कुमार पांडे ने किसी भी विद्यार्थी का नामांकन नहीं कराया है बल्कि वह फर्जीवाड़ा कर रहा है। वहीं, पीड़ित जितेंद्र कुमार, संतोष कुमार, सुनील कुमार व संगीता देवी ने बताया कि जब उन्हें ठगी होने का शक हुआ तो सभी ने लगन पांडे से अपने पैसे वापस मांगे जिसके बाद लगन कुमार पांडे नंदलाल छपरा स्थित होटल ग्रैंड सेलिब्रेशन बिल्डिंग के चौथी मंजिल के रूम नंबर 404 में बनाए अपने कार्यालय को बंद कर फरार हो गया। इसके बाद जब पीड़ितों ने सोनपुर स्थित लगन कुमार पांडे के पैतृक आवास जाकर उसे पकड़ तो आरोपी ने सभी को उनके पैसे वापस करने के नाम पर बैंक चेक थमा दिया जो बाद में बाउंस हो गया।

इतना ही नहीं पीड़ितों का कहना है कि स्थानीय रामकृष्ण नगर थाना भी उनकी मदद करने में आनाकानी कर रहा है। सभी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उन्हें न्याय देने की गुहार लगाइ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *