पुण्यतिथि : देश के नव निर्माण में राजीव गाँधी के योगदान को नमन करता है कृतज्ञ राष्ट्र- मदन मोहन झा
पटना (जागता हिंदुस्तान) देश के लोकप्रिय पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी का 29वाँ बलिदान दिवस प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम में एक सादे समारोह में मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने की।
इस अवसर पर डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि राजीव गाँधी ने देश की एकता एवं अखण्डता की रक्षा के लिये एवं इसके धर्मनिरपेक्ष चरित्र को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिये अपनी कुर्बानी दी।
उन्होंने कहा कि राजीव गाँधी ने देश में सूचना एवं संचार-क्रांति की शुरूआत की। सत्ता के विकेन्द्रीकरण के लिये पंचायती राज का प्रारूप बनाया जो बाद में पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिंहा राव के कार्यकाल में पंचायती राज संविधान संशोधन बिल के रूप में आया और आज सारे देश में यह पंचायती राज कायम है जिसमें महिलाओं के लिये एक तिहाई आरक्षण का प्रावधान है।
देश में युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक-से-अधिक शामिल करने के लिये उन्होंने मताधिकार की उम्र सीमा 18वर्ष करायी। उन्होंने कहा कि आज विश्व में कोरोना संकट के दौरान भी देश के प्रमुख नेता राजीव गाँधी द्वारा संचार क्रांति लाने के कारण ही एक दूसरे से सम्पर्क स्थापित कर रहे हैं।
डॉ. झा ने कहा कि आज कृतज्ञ राष्ट्र देश के नव निर्माण में राजीव गाँधी के योगदान को स्मरण कर उनकी स्मृति को बार-बार नमन करती है। इस अवसर पर सदाकत आश्रम स्थित राजीव गाँधी की प्रतिमा पर नेताओं ने माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर डॉ. मदन मोहन झा के अलावे प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. समीर कुमार सिंह, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा, प्रवक्ता डॉ. हरखू झा, वरिष्ठ नेता ब्रजेश पाण्डेय, प्रवक्ता राजेश राठौड़, इंटक के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सिंह, पूर्व विधायक जनार्दन शर्मा, रवीन्द्र नाथ मिश्रा, लाल बाबू लाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष गुंजन पटेल, आनन्द माधव, डॉ. आशुतोष शर्मा, डॉ. धनन्जय शर्मा, वसी अख्तर, नागेन्द्र कुमार विकल, जया मिश्रा, अनिता यादव, रीता सिंह, अनोखा देवी, प्रो. विकास कृष्ण सिंह, सत्येन्द्र कुमार सिंह, डॉ. कमलदेव नारायण शुक्ला, डॉ. पुरूषोत्तम मिश्रा, अजय कुमार यादव, अजय सिंह टुन्नू, ब्रजकिशोर सिंह कुशवाहा, शशि कान्त तिवारी, सुनील कुमार सिंह, संतोष कुमार श्रीवास्तव, राजेश निराला एवं बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस नेता राजीव गाँधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
राज्य में व्याप्त लाॅकडाउन के कारण कांग्रेस विधान मण्डल दल के नेता सदानन्द सिंह ने अपने सरकारी आवास पर राजीव गाँधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धाँजलि दी।
वहीं बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ललन कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।