Social

धूमधाम से मनाया होली मिलन समारोह, बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुति

पटना (जागता हिंदुस्तान) रंगो के त्यौहार होली आने में अब चंद रोज ही बाकी रह गए हैं। ऐसे में समाज के सभी वर्ग के लोग होली के रंग में सराबोर नजर आ रहे हैं। हर तरफ फागुन के गीतों से माहौल गूंज रहा है। होली मिलन कार्यक्रमों के आयोजन का दौर जारी है।

इसी क्रम में उत्तरी पटेल नगर स्थित सरगम संगीत संस्थान में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी शामिल हुए। इस अवसर पर संस्थान में नृत्य और संगीत की शिक्षा हासिल कर रही छोटी-छोटी बच्चियों ने मनमोहक प्रस्तुति दी। समारोह की शुरुआत 9 वर्षीय बच्ची जिज्ञासा के गणेश वंदना पर नृत्य के साथ हुई। इसके बाद 7 वर्षीय पीहू ने होली के गीत पर बेहतरीन डांस कर लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर सरगम संगीत संस्थान की डायरेक्टर ममता सरगम ने कहा कि बच्चों की यह ख्वाहिश थी कि होली के पारंपरिक गीतों के साथ यहां होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाए। ममता ने कहा कि आजकल होली के पारंपरिक गीत समाप्त होते जा रहे हैं। ज्यादा बच्चों को इस से रूबरू कराने के लिए यहां होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।

वहीं ममता सरगम ने कहा कि वह अपने संस्थान के माध्यम से लोगों को यह संदेश देना चाहती हैं कि होली के त्यौहार पर अपने आपसी गिले-शिकवे और मतभेद भुलाकर मेलजोल और उत्साह के साथ होली मनाएं और अपने जीवन को खुशहाल बनाएं।

होली मिलन समारोह में सतीश तिवारी, छोटन शर्मा, प्रवीर सिन्हा, रूपेश रंजन सिन्हा समेत बड़ी संख्या में बच्चे और उनके परिवार के लोग शामिल हुए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *