TRENDING

ऋषि कपूर के निधन पर शोक, सीएम नीतीश समेत राबड़ी, मांझी, कुशवाहा और तेजस्वी ने जताया दुख

पटना (जागता हिंदुस्तान) बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से बॉलीवुड समेत राजनीतिक जगत में भी शोक की लहर है। इसी क्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और पूर्व केंद्रीय मंत्री व रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने दुख जताया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऋषि कपूर के असामयिक निधन पर गहरा शोक एवं दुख व्यक्त करते हुये कहा कि उनके निधन से हिन्दी सिनेमा जगत को अपूरणीय क्षति हुयी है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि लम्बे समय तक वे फिल्म प्रेमियों के दिलों पर छाये रहे। वे एक उत्कृष्ट एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता थे। ऋषि कपूर फिल्म अभिनेता के साथ-साथ फिल्म निर्माता और निर्देशक भी थे। वे बाल कलाकार के रूप में भी काम कर चुके थे। उन्हें उनकी पहली फिल्म में शानदार भूमिका के लिए 1971 में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप एंव राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने प्रख्यात फ़िल्म अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि आज देश ने एक प्रख्यात फ़िल्म अभिनेता को खो दिया है। इनके अंदर अद्यभूत कलात्मक प्रतिभा थी। करोड़ों दिल पर वे राज करते रहे। उन्होंने बेशुमार फिल्मों मे काम किया और अपनी बेहतरीन अदाकारी से लोगों का दिल ही नहीं जीता बल्कि उनके दिल और दिमाग पर छाए रहे। वे एक योग्य कलाकार के साथ एक बेहतरीन इंसान भी थे। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ऋषिकपूर को श्रधांजलि अर्पित करते हुऐ कहा वे अब हमसब से बिछर चुके हैं मगर उनकी याद अच्छी अदाकारी के लिये सदा आती रहेगी। ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति दे।

पूर्व मुख्यमंत्री व हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने भी फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर शोक जताया है। मांझी ने कहा कि, “ऋषि कपूर के निधन से दुखी हूँ, उनके निधन से फ़िल्म जगत को हुई अपूर्णीय क्षति हुई है।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री व रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि अपनी अदाकारी से हिंदी सिनेमा जगत में उच्च मुकाम हासिल करने वाले महानायक ऋषि कपूर की अब स्मृति ही शेष रह गई है। उनकी दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए उनके परिजनों, दोस्तों एवं प्रशंसकों के प्रति आत्मिक संवेदना प्रकट करता हूं।

बता दें कि दो सालों तक ल्यूकेमिया से जूझने के बाद गुरुवार सुबह पौने नौ बजे बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर का निधन हो गया। बुधवार रात सांस लेने में परेशानी के कारण ऋषि कपूर को एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। सुबह में अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर जानकारी दी कि ऋषि कपूर का निधन हो गया है और इस खबर से मैं टूट चुका हूं। ऋषि कपूर के भाई रणधीर कपूर ने भी कहा कि ऋषि हमारे बीच नहीं रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *