District

CORONA : नगर निगम ने गठित किया चार कोषांग, संक्रमण के प्रसार को करेगा नियंत्रित

पटना (जागता हिंदुस्तान) कोरोना संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित रखने हेतु पटना नगर निगम द्वारा बहुस्तरीय प्रयास किए जा रहे हैं। इन कार्यों के ससमय समयक निर्वहन हेतु निगम में निम्न चार कोषागों का गठन किया गया है:-

अनुश्रवण कोषांग

राजेश कुमार झा, उप नगर आयुक्त, पटना नगर निगम को नवगठित अनुश्रवण कोषांग का प्रभारी पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। मॉनिटरिंग सेल को विभिन्न अंचलों में चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान के पर्यवेक्षण एवं अंचलवार समेकित प्रतिवेदन प्रतिदिन नगर आयुक्त को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

रसायन उपयोगिता कोषांग

कोरोना संक्रमण हेतु पटना नगर निगम अंतर्गत कराए जा रहे रोगाणुनाशक दवाओं, रसायनों यथा मेलाथियॉन, ब्लीचिंग पाउडर, टेमफॉज (एंटी-लार्वा केमिकल) के छिड़काव एवं फॉगिंग आदि कार्यों में इस्तेमाल हो रहे रसायनों की मात्रा, प्रयोग एवं उसके प्रभाव की प्रतिदिन अंचलवार समीक्षा एवं प्रतिवेदन तैयार करने हेतु पटना नगर निगम में रसायनों के प्रयोग संबंधी कोषांग का गठन किया गया है। डॉ. अनूप कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को इस कोषांग का प्रभारी पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

सामग्री-संसाधन आपूर्ति कोषांग

विशेष सफाई अभियान हेतु अनिवार्य सामग्री एवं संसाधनों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु पटना नगर निगम में सामग्री एवं संसाधनों की उपलब्धता व आपूर्ति कोषांग का गठन किया गया है। शीला ईरानी, अपर नगर आयुक्त (सफाई) को इस कोषांग का प्रभारी पदाधिकारी बनाया गया है।

शिकायत निवारण कोषांग

विभिन्न स्रोतों से प्राप्त हो रहे आम जन की शिकायतों के संधारण एवं निवारण हेतु शिकायत निवारण कोषांग का गठन किया गया है। संजीव कुमार, उप नगर आयुक्त, पटना नगर निगम को इस सेल का प्रभारी पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *