Politics

2020 में 200 से अधिक सीटें जीतेगा NDA- नीतीश कुमार

पटना (जागता हिंदुस्तान) बिहार के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की उपस्थिति में 1, अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में बिहार प्रदेश जदयू के क्षेत्रीय संगठन प्रभारियों, जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक हुई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सर्वप्रथम प्रखंड अध्यक्षों से अपनी बात रखने को कहा और पूरे तीन घंटे तक उन्हें सुनते रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कार्यकर्ता ही जदयू की पहचान हैं। आज बिहार के सभी बूथों पर पार्टी के अध्यक्ष और सचिव हैं, यह साधारण बात नहीं। हमें इस बात का ध्यान रखना होगा कि जदयू की जो सांगठनिक ताकत बनी है उसका उपयोग विगत 15 वर्षों में बिहार के समग्र विकास के लिए हुए कार्यों और सामाजिक अभियानों को जन-जन तक पहुँचाने में होना चाहिए। उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों को कहा कि वे अपने घर पर पार्टी का झंडा जरूर लगाएं। इससे न केवल कार्यकर्ताओं बल्कि आम लोगों में भी सार्थक संदेश जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दल के साथी वोट की चिन्ता नहीं करें। बिहार की जनता सही और गलत की पहचान रखती है। 2020 में एनडीए 200 से ज्यादा सीटें हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के पास ना कोई मुद्दा है, ना ही कोई कार्यक्रम। कुछ लोगों का काम केवल लोगों में भ्रम फैलाना होता है। वैसे लोगों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं। जिन विचारों को लेकर पार्टी आज तक चलती रही है, उन विचारों से समझौता किसी कीमत पर नहीं होगा। बिहार में धर्म, संप्रदाय, जाति या लिंग के आधार पर किसी भेदभाव का प्रश्न ही नहीं उठता।

बैठक में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) आरसीपी सिंह, लोकसभा में दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, विधानपार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, ललन सर्राफ, राष्ट्रीय सचिव रविन्द्र सिंह, प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार, श्री चंदन कुमार सिंह, मंजीत सिंह, कामाख्या नारायण सिंह, जदयू प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप, क्षेत्रीय संगठन प्रभारी अरुण कुशवाहा, डॉ. बिपिन कुमार यादव, पंचम श्रीवास्तव, अशोक कुमार बादल, रामगुलाम राम एवं आसिफ कमाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *