आत्मनिर्भर भारत : पीएम मोदी की अपारदर्शी घोषणा बहुत बड़ा भ्रम पैदा करती है- कांग्रेस
पटना (जागता हिंदुस्तान) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार रात 8:00 बजे देश को किए गए संबोधन के दौरान आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत 20 लाख करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज की घोषणा को लेकर बिहार कांग्रेस ने बड़ा सवाल उठाया है।
इस संबंध में युवा कांग्रेस के बिहार ईकाई के पूर्व अध्यक्ष ललन कुमार ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष के महत्वपूर्ण सुझाव के बाद पीएम नरेंद्र मोदी का आर्थिक पैकेज की घोषणा करना बेहतर कदम है, लेकिन प्रधानमंत्री का अपारदर्शी घोषणा बहुत बड़ा भ्रम पैदा करता है। उन्होंने कहा कि बजट 2019-20 के अनुसार देश का कुल बजट ही जब 27.86 लाख करोड़ का है, तो उसमें से 20 लाख करोड़ का पैकेज देना बहुत बड़ा भ्रम फैलाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को समय सीमा भी बताना चाहिए था कि ये 20 लाख करोड़ का पैकेज कितने वर्षों तक बंटेगा और कितने पूर्व से और कितने विभागों के पूर्व में खर्च हो चुके बजट को इसमें जोड़ा गया है। ललन कुमार ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री से देश की जनता पारदर्शिता की अपेक्षा रखती है। अपारदर्शी घोषणाओं से जनता को भरमाना प्रधानमंत्री पद को शोभा नहीं देता।
इसके साथ ही युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि कोरोना संकट की इस महाआपदाकाल में भी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 130 करोड़ जनता के मन मस्तिष्क के साथ खेलने का काम कर रहें हैं। इस भीषण आपातकालीन परिस्थिति में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों-मजदूरों तथा कोरोना आपदा के शिकार कमजोर वर्ग के लोगों के लिए कुछ भी स्पष्ट तौर पर नहीं कहा।
ललन ने कहा कि देश की परिस्थिति ऐसी है की मजदूर सडक़ों पर मृत्यु तुल्य कष्ट भोगने पर विवश है, लेकिन उनके वर्तमान कष्टों को दूर करने के बजाए देश के प्रधानमंत्री आज भी ख्वाब दिखाने का काम कर रहे हैं। आज भी प्रधानमंत्री यही सोच रहे हैं कि बेहतरीन ख्वाब दिखाकर असंख्य पीडि़तों के मौलिक घाव को मरहम लगाया जा सकता है।