तीन मई को होगा पटना के भव्य इस्कॉन मंदिर का उद्घाटन, देश-विदेश से आएंगे मेहमान
पटना (जागता हिंदुस्तान) इस्कॉन पटना के तत्वावधान में मंगलवार को नव निर्मित इस्कॉन पटना के उद्घाटन तिथि के संबंध में संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इस्कॉन पटना के अध्यक्ष श्रीकृष्ण कृपा दास ने बताया कि नवनिर्मित श्री श्री राधा बाँके बिहारीजी मन्दिर एवं वैदिक संस्कार केन्द्र का उद्घाटन 03 मई, 2022 (मंगलवार) को किया जायेगा।
उद्घाटन कार्यक्रम पाँच दिनों तक होगा। इस पंचदिवसीय उद्घाटन समारोह हेतु देश-विदेश से इस्कॉन के गुरु महाराजों एवं भक्तों को बुलाया जा रहा है।
इस अवसर पर अपने-अपने क्षेत्र में स्थापित कलाकारों के द्वारा विभिन्न तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाव-नृत्य एवं भजन की प्रस्तुति की जायेगी। इस कार्यक्रम को भव्य से भव्यतम रूप देने हेतु इस्कॉन पटना के सभी भक्तों द्वारा कड़ी मेहनत की जा रही है ताकि यह समारोह बदलते आध्यात्मिक बिहार का दिव्यतम स्वरूप परिलक्षित कर सकें। मन्दिर की सजावट एवं लाईटिंग को भव्यतम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने मन्दिर के संबंध में बताया कि मन्दिर के साथ-साथ एक प्रेक्षागृह, गोविन्दा रेस्टॉरेन्ट एवं अतिथिशाला का निर्माण किया गया है, जो कि मन्दिर को दिव्य स्वरूप प्रदान कर रहा है।
अंत में उन्होंने इस वैदिक धरोहर के निर्माण में आर्थिक एवं अद्वितीय योगदान हेतु मन्दिर निर्माण समिति के अध्यक्ष एलएन पोद्दार का हृदयतल से आभार प्रकट एवं आर्शीवाद दिया तथा संस्था के आजीवन सदस्यों एवं दान दाताओं का आभार प्रकट किया। साथ ही उन्होंने मन्दिर निर्माण में सहयोग हेतु सरकार एवं मीडिया को भी हृदयतल से आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर मुंबई से पधारे इस्कॉन के जोनल सेक्रेटरी देवकी नंदन दास ने उम्मीद जतायी कि यह अद्वितीय धरोहर पूरे बिहार की आध्यात्मिक प्रतिष्ठा को विश्व में फैलायेगा। साथ ही उन्होंने यह भी आशा व्यक्त किया कि नवनिर्मित मन्दिर वैदिक बिहार के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को परिलक्षित करेगा ताकि बिहार के लोग इस घोर कलिकाल में अपने आध्यात्मिक जीवन को प्रशस्त कर सकें।
इस अवसर पर मन्दिर निर्माण समिति के अध्यक्ष एलएन पोद्दार, जोनल सेक्रेटरी देवकी नंदन दास एवं प्रवक्ता नंद गोपाल दास की भी उपस्थिति रही।
