Politics

आज गोडसे को देशभक्त मानने वाले जोर से बोल रहे हैं- तुषार गांधी

पटना (जागता हिंदुस्तान) महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी ने गुरुवार शाम को प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय, सदाकत आश्रम में कांग्रेसजनों की एक गोष्ठी में कहा कि कांग्रेस की ताकत, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की निस्वार्थ सेवा से आती थी, जिसका आज अभाव हो गया है, तथा कांग्रेस पार्टी कमजोर हो गयी है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को कांग्रेस कार्यकर्ता भी हराते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपना पुराना गौरव प्राप्त करने के लिये इसे कार्यकर्ताओं की पार्टी का रूप देना होगा
तथा सारे महत्वपूर्ण निर्णय कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श करके ही लेने होंगे।

तुषार गांधी ने कहा कि नई पीढ़ी कांग्रेस से नहीं जुड़ रही है। कांग्रेस पार्टी को अपनी पुरानी गौरव प्राप्त करने की शुरूआत बिहार से ही होनी चाहिये क्योंकि बिहार की धरती क्रांति की धरती है तथा महात्मा गांधी ने चम्पारण से ही किसान आन्दोलन चलाया और बिहार उनका कार्यक्षेत्र बना। उन्होंने कहा कि आज देश में गोडसे को देश भक्त मानने वाले जोर से बोल रहे हैं, लेकिन महात्मा गांधी के सत्य की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा कि आज देश में विभाजनकारी शक्तियाँ लगातार अपनी ताकत बढ़ा रही है और देश में सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सद्भाव में कमी आ गयी है, सत्तारूढ़ दल में सहिष्णुता कम हो गयी है, तथा देश की जनता की आवाज आज अनसुनी हो रही है। उन्होंने कहा कि देश में सामाजिक सद्भाव एवं घृणा के वातावरण को हटाने में कांग्रेस पार्टी ही मुख्य भूमिका निभा सकती है।

तुषार गांधी ने कहा कि कांग्रेसजन अपने आप में सुधार लाकर ही हम वर्तमान चुनौतियों का मुकाबला कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जिस धरती पर आये थे, वहाँ आने का मुझे सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि बिहार में महात्मा गांधी जहाँ-जहाँ गये थे, मैं उन सभी जगहों पर जाना चाहता हूं।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह ने तुषार गांधी का स्वागत करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने बिहार के चम्पारण से किसान आन्दोलन को अपना कार्य क्षेत्र बनाया तथा बिहार से ही उन्हें महात्मा गांधी की संज्ञा दी गयी। उन्होंने कहा कि आज महात्मा गांधी की विरासत एवं उनके आदर्शो को बचाने की जिम्मेवारी कांग्रेससजनों को उठानी होगी।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह ने प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से शाल एवं अंगवस्त्र देकर तुषार गांधी का स्वागत किया। विधायक अफाक आलम, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुबोध कुमार, प्रवक्ता राजेश राठौड़, अनिता यादव, आनन्द माधव, पूर्व विधान पार्षद लाल बाबू लाल, पूर्व विधायक प्रमोद कुमार सिंह, राज कुमार राजन, राजेश कुमार सिन्हा, दौलत इमाम, मंजीत आनन्द साहू, जया मिश्र, रीता सिंह, अनोखा देवी, सुधा मिश्रा, धनंजय शर्मा, सुनील कुमार सिंह, असफर अहमद, डॉ. आशुतोष शर्मा, डॉ. अशोक गगन, छत्रपति यादव, प्रदुम्न यादव, ब्रज किशोर सिंह कुशवाहा, रवि गोल्डेन, दुर्गा प्रसाद गुप्ता,मृणाल अनामेय उपस्थित रहे।

प्रदेश कांग्रेस के रिसर्च विभाग के अध्यक्ष आनन्द माधव ने मंच का संचालन किया। सुबोध कुमार, जया मिश्रा ने पुष्पगुच्छ देकर तुषार गांधी का स्वागत किया। डॉ. अशोक गगन नेे प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा की ओर से तुषार गांधी को पुष्पगुच्छ, पाग एवं मधुबनी पेंटिंग से बनी शाल देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *