Politics

सुशांत सिंह राजपूत की मौत से राजनीतिक दल भी मर्माहत, राजद, जदयू, कांग्रेस व रालोसपा ने जताया शोक

पटना (जागता हिंदुस्तान) बिहार के लाल और बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से बिहार के सियासी गलियारों में भी शोक की लहर है। इसी क्रम में बिहार के सभी मुख्य राजनीतिक दलों ने सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर दुख प्रकट किया है।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे बिहार की शान थे। उनके निधन के समाचार से मर्माहत हूँ। उनसे बिहार को बड़ी उम्मीद थी, किंतु बहुत ही कम उम्र मे उन्होंने साथ छोड़ दिया, ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति दे और शोकाकुल परिजनों को शोक सहन की शक्ति दे।

रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बहुत कम उम्र में बॉलीवुड फिल्मों की दुनिया में उचाईयों को छूने वाले बिहार के अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत द्वारा दुनिया छोड़ जाने की खबर बेहद दुःखद है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति एवं परिजनों व प्रशंसकों को संबल दे !

जदयू के मंत्री नीरज कुमार ने ट्विटर पर लिखा, “दुःखद ! बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत हमारे बीच नहीं रहे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार को साहस और संबल प्रदान करें।

वहीं, बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत के इस प्रकार खुदकुशी की घटना ने झकझोर कर रख दिया। डॉ. झा ने कहा कि इस घटना से वह पूरी तरह से स्तब्ध हो गए हैं। उन्होंने ईश्वर से सुशांत सिंह राजपूत की आत्मा के लिए शांति तथा उनके परिजनों के लिए इसे महा विपत्ति की घड़ी का सामना करने की शक्ति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत ना सिर्फ फिल्म जगत के जगमगाते सितारे थे बल्कि बिहार के लिए भी कला जगत के धरोहर थे। सुशांत राजपूत ने अपने अभिनय कला से विश्व पटल पर बिहार के नाम को रोशन किया। उनकी क्षति की भरपाई नहीं की जा सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *