#SpeakUpIndia : कोविड-19 के कारण गरीब जनता को है पैसों की ज़रूरत, सरकार करे यह काम- राहुल गांधी
न्यूज़ डेस्क (जागता हिंदुस्तान) स्पीक अप इंडिया कार्यक्रम के तहत कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। इसी क्रम में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
राहुल ने कहा है कि कोविड-19 के कारण पूरे हिंदुस्तान में तूफान आया हुआ है। सबसे ज्यादा चोट गरीबों जनता को लगी है। मजदूरों को हजारों किलोमीटर भूखे प्यासे पैदल चलना पड़ा है। इसके साथ ही हमारे देश की रीढ़ की हड्डी कहलाने वाले लघु एवं मध्यम उद्योग, जो लोगों को रोजगार देते हैं, एक के बाद एक बंद हो रहे हैं। आज हिंदुस्तान को कर्ज की जरूरत है। देश को पैसों की जरूरत है। गरीब जनता को पैसों की जरूरत है।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लॉकडाउन से प्रभावित लोगों को चार स्तर पर आर्थिक राहत देने की सरकार से मांग करती है। उन्होंने कहा कि:-
- केंद्र सरकार सबसे पहले लॉकडाउन के कारण प्रभावित हुए सभी गरीब परिवारों के बैंक खाते में साढ़े सात हजार रुपये प्रति माह छह महीने के लिए दे।
- लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) के लिए तत्काल पैकेज की घोषणा की जाए।
- मजदूरों को घर वापस भेजने की सही व्यवस्था की जाए, और
- मनरेगा को 100 दिन नहीं बल्कि 200 दिन चलाया जाए।
राहुल गांधी ने कहा है कि यह हर भारतीय के लिए एक साथ खड़े होने और एक स्वर में बोलने का समय है। स्पीक अप इंडिया अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहे हमारे भाइयों और बहनों के लिए। उन लोगों के लिए जिनकी आवाज़ खामोश कर दी गई है। निराश और भयभीत लोगों के लिए। हम भारत हैं। हम सभी मिलकर कुछ अलग कर सकते हैं।