Politics

PK ने बिहार वासियों की भावनाओं को व्यक्त किया है- उपेंद्र कुशवाहा

पटना (जागता हिंदुस्तान) चुनावी रणनीतिकार और जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत किशोर उर्फ पीके के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर दिए गए बयान के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारे में सरगर्मी बढ़ गई है। इसी क्रम में रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने समर्थन किया है। कुशवाहा ने ट्वीट कर कहा है कि ‘PK ने समस्त बिहार वासियों खासकर युवाओं की भवनाओं को व्यक्त किया है। बिहार अब पीछे नहीं, भविष्य की ओर प्रस्थान करने का आकांक्षी है। जाहिर है नीतीश कुमार ने 15 वर्षों में बिहार को पूर्ण रूप से निराश कर दिया है। अतएव PK की रणनीति बिहार में बदलाव का वाहक बनेगी।’
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले प्रशांत किशोर के जदयू से निष्कासन के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जबरदस्त हमला किया है। पीके ने नीतीश कुमार के बिहार के विकास मॉडल को हवा-हवाई बताते हुए उन्हें भाजपा का पिछलग्गू तक करार दिया है। पीके ने सीधे तौर पर कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 15 वर्षों के शासनकाल में बिहार का विकास नहीं हुआ है। बिहार आज भी उसी जगह पर है जहां 2005 में था। ऐसे में नीतीश कुमार कब तक लालू राज की माला जपते रहेंगे। नीतीश कुमार को बताना चाहिए कि अगले 10 वर्षों में वह बिहार का किस तरह से विकास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *