Politics

वर्चुअल रैली के विरोध में राजद ने बजाई थाली, बोले तेजस्वी- राजनीतिक गिद्धों की प्राथमिकता केवल चुनाव

पटना (जागता हिंदुस्तान) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की वर्चुअल रैली से पहले राजद ने थाली पीटकर इसका विरोध किया। सुबह 11:00 बजे 10 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास के बाहर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ थाली पीटकर केंद्र व राज्य सरकार का विरोध किया।

इस अवसर पर तेजस्वी यादव ने कहा कि वर्चुअल रैली के प्रचार के लिए एक LED स्क्रीन पर औसत ख़र्च 20,000₹ है। BJP की आज की रैली में 72 हज़ार LED स्क्रीन लगाए गये हैं मतलब 144 करोड़ सिर्फ़ LED स्क्रीन पर खर्च किए जा रहे है।‬ उन्होंने कहा कि ‪श्रमिक एक्सप्रेस में मज़दूरों का किराया 600₹ था। वो किराया देने ना इनकी सरकार आगे आयी न ही BJP।‬ नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ‪ग़रीबों के ख़ाली पेट, दुःख-दर्द और लाशों पर राजनीति करने वाले राजनीतिक गिद्धों की प्राथमिकता गरीब नहीं बल्कि चुनाव है।‬

तेजस्वी यादव ने कहा कि गरीब भूखे मर रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा और जदयू जश्न मना रही है। बिहार में डबल इंजन की सरकार ने गरीबों को प्रताड़ित किया है। लॉकडाउन के चलते दूसरे राज्यों से लौट रहे गरीब मजदूरों के साथ दूसरे दर्जे के नागरिक जैसा बर्ताव किया गया। बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हो गए हैं। देशभर में लगभग 12 करोड़ लोग बेरोजगार हुए हैं। कोरोना काल में 13 करोड़ लोग बीपीएल में जुड़े हैं।

तेजस्वी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को गरीबों को खाना और रोजगार देना चाहिए था। गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और अस्पताल देना चाहिए था, लेकिन ये लोग जश्न मना रहे हैं। भाजपाऔर जदयू को सिर्फ सत्ता की भूख मिटाना है। इन्हें जनता की भूख की परवाह नहीं है। भाजपा दुनिया की ऐसी पहली पार्टी है जो गरीबों की मौत पर जश्न मना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *