Politics

रालोसपा ने प्रदेश इकाई का किया विस्तार, कई नेताओं को मिला प्रमोशन

पटना (जागता हिंदुस्तान) बिहार में सभी राजनीतिक दल विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा ने भी अपनी प्रदेश इकाई का विस्तार कर दिया है। इस संबंध में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सांसद भूदेव चौधरी ने पार्टी कार्यालय में इसकी घोषणा की। इसके तहत प्रदेश इकाई में 34 उपाध्यक्ष एंव 113 महासचिव बनाए गए हैं। इसके अलावा 44 संगठन सचिव, सचिव और विभिन्न प्रकोष्ठ के 10 अध्यक्ष भी बनाए गए हैं। इस अवसर पर भूदेव चौधरी ने कहा कि सामाजिक समीकरण के मुताबिक जिन लोगों को प्रदेश इकाई में अलग-अलग पदों की जिम्मेदारी दी गई है, उन सब में बेहतरीन राजनीतिक सूझबूझ है। राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाएंगे। भूदेव चौधरी ने बताया कि कई पदाधिकारी प्रदेश इकाई में जिम्मेदारी संभाल रहे थे जिनकी पदोन्नति भी की गई है। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्रचंड जीत को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। भूदेव चौधरी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया कि भाजपा किसी भी परिस्थिति में सरकार नहीं बना सके। उन्होंने कहा कि यह साबित हो गया कि अब जनता भाजपा से विमुख हो चुकी है। लोगों को अब जुमलेबाजी झांसे की सरकार नहीं चाहिए। भूदेव चौधरी ने कहा कि यह पूरी तरह से साफ हो गया है कि जो जन समस्याओं को नजरअंदाज करके और जन भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर समाज में उन्माद फैलाने चाहते हैं उनकी जगह समाज में नहीं है।

इस अवसर पर रालोसपा के राष्ट्रीय महासचिव फजल इमाम मलिक समेत प्रदेश मुख्य प्रवक्ता इंजीनियर अभिषेक झा तथा अन्य नेतागण व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *