Politics

सुशील मोदी ने अनजाने में ही बिहार के विकास की सच्चाई से पर्दा उठा दिया- शिवानंद तिवारी

पटना (जागता हिंदुस्तान) लॉकडाउन के कारण प्रभावित बिहार की लगभग 9 करोड़ गरीब जनता को केंद्र सरकार द्वारा मुफ्त अनाज देने की बात कर अपनी पीठ थपथपा ने वाले बिहार सरकार में भाजपा कोटे के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर राजद ने बड़ा हमला किया है।

राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने कहा है कि “सुशील कुमार मोदी ने अनजाने में ही बिहार के विकास की सच्चाई पर से पर्दा उठा दिया है। सुशील जी बता रहे हैं कि बिहार में केंद्र सरकार की मेहरबानी से 8 करोड़ 71 लाख से ज्यादा गरीबों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। अगले 5 महीने तक उन्हें यह मुफ्त अनाज मिलता रहेगा। इस प्रकार सुशील जी यह कुबूल कर रहे हैं कि बिहार में ऐसे लोगों की तादाद लगभग 9 करोड़ है, जिनमें अपने भोजन के लिए अन्न खरीदने की क्षमता नहीं है।”

शिवानंद तिवारी ने कहा कि, “बिहार की आबादी 12 करोड़ के आसपास होगी। सुशील जी जो आँकड़ा बता रहे हैं, उसी के अनुसार बिहार की लगभग दो तिहाई आबादी ऐसी है जो अपना पेट भरने के लिए सरकारी अनुदान या ख़ैरात पर निर्भर है।”

राजद नेता ने कहा कि, “हम सुशील जी से कृपा पूर्वक जानना चाहते हैं कि 15 वर्षों से बिहार में आपलोगों की सरकार है। महागठबंधन की सरकार के अपवाद को छोड़कर लगभग इसी के आसपास आप भी इस प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री का दायित्व निभा रहे हैं। आपलोगों का दावा है कि बिहार का विकास ही आपकी सरकार की एकमात्र एजेंडा है। इसके बाद भी बिहारियों की यह दुर्दशा क्यों है? पिछले पंद्रह वर्षों की आप लोगों के शासन की उपलब्धि का आप ही द्वारा प्रस्तुत यह तथ्य आपको और आपकी सरकार को शर्मिंदा नही कर रहे हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *