Politics

बेरोजगारी पर तेजस्वी ने CM नीतीश से पूछे 18 सवाल, कहा- उम्मीद है जवाब देगी सरकार

पटना (जागता हिंदुस्तान) बिहार में बेरोजगारी को लेकर राज्य सरकार पर हमलावर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कोरोना को लेकर भले ही ‘बेरोजगारी हटाओ यात्रा’ स्थगित कर दी हो लेकिन इस मामले को लेकर उनका सरकार पर हमला जारी है।

इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष ने प्रेस वार्ता के माध्यम से बेरोजगारी को लेकर नीतीश सरकार पर हमला करते हुए 18 सवाल पूछे हैं। तेजस्वी ने सीधे तौर पर कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने 15 वर्षों के कार्यकाल में 12 करो बीमारियों को हल्के में लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रोजगार को लेकर कतई गंभीर नहीं।

अपने 18 प्रश्नों की सूची में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार से क्या कुछ पूछा है, उस पर एक नजर डालते हैं:-

  1. 15 वर्षों की सरकार बताए, बिहार में आईटी कंपनियां क्यों नहीं आ सकती? आईटी पार्क और SEZ’S क्यों नहीं बन सकते?
  2. 15 वर्षों की सरकार बताए, बिहार में केला, मकई मखाना, चावल, गन्ना, आलू, लीची, आम इत्यादि अनेकों विश्व प्रसिद्ध अनाज, फल, सब्जियों का इतना उत्पादन होता है तो फिर इन सभी से संबंधित खाद्य प्रसंस्करण उद्योग क्यों नहीं रख सकते?
  3. बिहार दूसरे प्रदेशों जैसे आंध्र प्रदेश से मछली खरीदता है। 15 वर्षों की सरकार बताए कि हम बिहार में ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं करते कि बिहार में मछली उत्पादन को बढ़ावा देकर, यहां जिलावार मछली बाजार लगाकर, मछुआरों की आमदनी और उत्पादन क्यों नहीं बढा सकते?
  4. 15 वर्षों की सरकार बताए, बिहार में इंडस्ट्री स्पेसिफिक कलस्टर क्यों नहीं लगाए जा सकते?
  5. 15 वर्षों की सरकार बताए, बिहार में डेयरी प्रोडक्ट्स यानी दुग्ध उत्पादन संबंधित बड़े उद्योग की नहीं लगाए जा सकते? बिहार का दूध, घी, मक्खन, चीज, पनीर, खोया इत्यादि दूसरे प्रदेश और देशों में क्यों नहीं भेजा जा सकता?
  6. 15 वर्षों की सरकार बताए, उन्होंने लघु उद्योग और हथकरघा उद्योग के लिए क्या किया? बड़े पैमाने पर इन उद्योगों को बढ़ावा क्यों नहीं दिया जा रहा?
  7. बिहार में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। 15 वर्षों की सरकार बताए, उन्होंने बिहार को अब तक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित क्यों नहीं किया?
  8. सरकार विभिन्न विभागों में लंबित लाखों रिक्तियों पर नियुक्तियां क्यों नहीं करती?
  9. 15 वर्षों की सरकार नियुक्ति, भर्ती परीक्षा और प्रक्रिया को पारदर्शी तथा नियमित क्यों नहीं करती?
  10. सरकार बिहार के स्थाई निवासियों के लिए 90 फ़ीसदी नौकरी आरक्षित करने का प्रावधान करने वाली हमारी डोमिसाइल नीति की मांग स्वीकार क्यों नहीं करती?
  11. 15 वर्षों की सरकार बताए कि आपने 15 वर्षों में कुल कितनी नौकरियां दी?
  12. 15 वर्षों में हुई कुल नियुक्तियों का जिलावर और जातिवार आंकड़ा प्रस्तुत करे?
  13. 15 वर्षों में कुल कितने बेरोजगारों ने रोजगार निबंधन कार्यालय में पंजीकरण कराया?
  14. 15 वर्षों में कोई कितना पलायन हुआ? बिहार में पलायन क्यों हो रहा है?
  15. 15 वर्षों में बिहार में कुल कितने उद्योग धंधे और कल कारखाने लगे?
  16. 15 वर्षों में पहले से चालू कितनी चीनी मिल, जूट मिल, पेपर मिल एवं दूसरे उद्योग और कारखाने बंद हुए और उससे बिहार का कुल कितने राजस्व व रोजगार के अवसरों की हानि हुई?
  17. 15 वर्षों में बिहार से कितने लाख करोड़ शिक्षा और चिकित्सा के नाम बाद दूसरे प्रदेशों में गया?
  18. बिहार के मानव संसाधन का कुल कितने प्रतिशत बिहार में अब दूसरे प्रदेशों में कार्यरत है?

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आशा है कि बिहार के करोड़ों बेरोजगार युवाओं के भविष्य से संबंधित अति आवश्यक सवालों का जवाब सरकार जरूर देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *