पूर्णिया : तेरापंथ महिला मंडल ने किया राशन का वितरण, मुख्यमंत्री राहत कोष में भी दी राशि
पूर्णिया (जागता हिंदुस्तान) तेरापंथ महिला मंडल भट्टा मधुबनी के द्वारा वार्ड नंबर 22 के अंतर्गत तेरापंथ भवन में करोना महामारी से जूझ रहे जरूरतमंद के बीच सूखा राशन का वितरण किया गया।
इसके तहत 5 किलो चावल, 2 किलो आटा, 1 किलो आलू, दाल, नमक, तेल, साबुन इत्यादि चीजों का वितरण सोशल डिस्टेंस अपनाते हुए किया गया। संस्था द्वारा 100 लोगो के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया।
महिला मंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 21 हजार रु. का चेक भी दिया। महिला मंडल ने लोगों से आह्वान किया कि आम जनता इस विकट समय में सरकार के निर्देशों का पालन करें और सरकार को सहयोग करें।
तेरापंथ महिला मंडल के द्वारा आहूत इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अध्यक्ष राजुल वैद्य, सरिता राय वार्ड पार्षद, शारदा कोचर, नीलू, इंदिरा, सुशीला सरिता, अन्नू, चंदा समेत तेरापंथ महिला मंडल की सदस्य उपस्थित रहीं।