चारों तरफ मजदूरों की चित्कार, वर्तमान सरकार के शब्दकोश में गरीब कहीं है ही नहीं- पप्पू यादव
पटना (जागता हिंदुस्तान) जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मधेपुरा के पूर्व सांसद पप्पू यादव ने मजदूरों की समस्या को लेकर एक बार फिर केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधा है।
पप्पू यादव ने कहा है कि, “वर्तमान सरकार के शब्दकोश में गरीब कहीं है ही नहीं। चारों तरफ मजदूरों की चित्कार है। हर रोज़ सड़क हादसों में लोग अपनी जान गवां रहे हैं। लेकिन सरकार पर कोई असर नहीं पड़ता।”
20 लाख करोड़ के पैकेज के बारे में उन्होंने कहा कि, “खोदा पहाड़, निकला चूहा। लोगों को कर्ज के बोझ के तले दबाया जा रहा हैं। गरीबों और मजदूरों की कोई चिंता नहीं हैं।”
विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवावा देते हुए उन्होंने कहा कि, “जापान ने अपने जीडीपी के 21 फीसदी के बराबर आर्थिक पैकेज की घोषणा की है। वहां की सरकार हर नागरिक के खाते में 930 डॉलर जमा करा रही है। दुनियाभर के देश अपने लोगों को कैश दे रहे हैं। लेकिन हमारे यहां इंडस्ट्रीज को लोन दिया जा रहा है।”
आगे जाप अध्यक्ष ने कहा कि, “पिछले पांच वर्षों में सांसदों की कमाई 41 फीसदी तक बढ़ गई। 17वीं लोक सभा के 475 सांसद करोड़पति हैं। 200 ऐसे सांसद हैं जिन पर कोई न कोई क्रिमिनल केस दर्ज है। अकेले भाजपा ने 27,000 करोड़ रुपये चुनाव में खर्च किए थे। भाजपा के 303 में से 268 सांसद करोड़पति है। करोड़ों रुपये है इन नेताओं के पास लेकिन गरीबों और मजदूरों की मदद कोई नहीं कर रहा हैं।”