Lockdown : अब सड़कों पर नहीं रहेगा कोई भूखा, नगर निगम उपलब्ध कराएगा नि:शुल्क भोजन
पटना (जागता हिंदुस्तान) विश्वव्यापी कोरोना संक्रमण से फैली महामारी के प्रसार को नियंत्रित रखने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा पूर्णत: बंदी की गई है। अत: कई लोग कामकाज एवं पैसे के अभाव में संक्रमण के खतरे के बीच सड़कों पर भूखे पेट रहने को मजबूर हैं। ऐसे लोगों की मदद के लिए पटना नगर निगम ने कमर कस ली है।
नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने शुक्रवार को पटना नगर निगम द्वारा संचालित सभी रैन बसेरों का निरीक्षण किया एवं लॉकडाउन की अवधि तक रैन बसेरा में रहने आने वाले लोगो को निवास एवं भोजन की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निर्देशानुसार निम्न स्थानों पर लोगों के लिए मुफ्त रहने-खाने की व्यवस्था की गई है:-
- मलाही पकड़ी आश्रय स्थल: वार्ड संख्या 44 में मलाही पकड़ी चौक के पास आश्रय स्थल का संचालन किया जा रहा है। 50 बेड वाले इस आश्रय स्थल में ठहरने वालों को 30रु प्रति प्लेट की दर से भोजन उपलब्ध कराया जाता है। लॉकडाउन की अवधि तक यहां मिलने वाली सभी सेवाएं नि:शुल्क होंगी।
- कुनकुन सिंह लेन आश्रय स्थल (साइंस कॉलेज के पास): वार्ड संख्या 41 में पटना कॉलेज के पास संचालित आश्रय स्थल में 25 बेड की व्यवस्था है। यहां 15 रुपये प्रति प्लेट की दर की भोजन की सुविधा दी जाती है। लॉकडाउन की अवधि तक यहां मिलने वाली भी सभी सेवाएं नि:शुल्क होंगी।
- मैकडॉवेल चौक आश्रय स्थल: वार्ड संख्या 43 अंतर्गत संचालित इस आश्रय स्थल पर 25 बेड एवं 30 रुपये प्रति प्लेट की दर से भोजन की सुविधा उपलब्ध करायी जाती है। लॉकडाउन की अवधि तक यहां मिलने वाली सभी सेवाएं नि:शुल्क होंगी।
- गाय घाट, गंगा पुल के नीचे पूर्व से ही निगम द्वारा अस्थायी रैन बसेरा बनाया गया है। इनका संचालन शुक्रवार से शुरू किया गया। इसमें करीब 150 लोगों के रहने-खाने की व्यवस्था की गई है।
- नूतन राजधानी अंचल अंतर्गत श्री कृष्ण पुरी पार्क के पीछे अवस्थित पटना नगर निगम के सामुदायिक भवन को भी रैन बसेरा में तब्दील किया गया है। यहां 50 लोगों के लिये व्यवस्था की गई है।
नगर आयुक्त द्वारा निरीक्षण के दौरान सख्त निर्देश दिए गए हैं कि इन सभी रैन बसेरों में लोगों के ठहरने, खाने-पीने, शौचालय आदी का प्रबंध ‘सामाजिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग)’ के नियमों का पालन करते हुए किया जाए। साथ ही नियमित रूप से शौचालयों, कमरों एवं परिसर में कीटनाशक एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव एवं फॉगिंग कराते रहने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान देवेंद्र प्रसाद तिवारी, अपर नगर आयुक्त (योजना) एवं सिटी मिशन मैनेजर उपस्थित रहे।