CITY

नगर आयुक्त ने किया नाला उड़ाही कार्य का औचक निरीक्षण, लापरवाही को लेकर जताई नाराज़गी

पटना (जागता हिंदुस्तान) पटना नगर निगम के नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने पाटलिपुत्र अंचल अंतर्गत राजीव नगर नाला एवं पटेल नगर नाला की उड़ाही कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर सड़क किनारे गाद फैला हुआ पाया, जिस पर नाराजगी एवं असंतोष व्यक्त करते हुए तत्काल साफ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, उड़ाही कार्य का लॉगबुक मेनटेन करने का निर्देश दिया गया।

नाला उड़ाही कार्य से पहले पटना नगर निगम क्षेत्रांतर्गत सभी नालों एवं सहायक नालों की प्रति 100 मीटर की दूरी पर गहराई नापी गई थी। नगर आयुक्त द्वारा कार्यपालक अभियंता, पाटलिपुत्र प्रमंडल को उड़ाही के बाद दोबारा हर 100 मीटर पर नाले की गहराई नापने एवं पूर्व नापी गई नाले की गहराई से मिलान करते हुए, कार्य प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा स्वयं कई स्थानों पर नाले की गहराई नापी गई।

विदित है कि नाले पर विभिन्न दुकानदारों एवं प्रतिष्ठानों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। कई स्थानों पर निर्माण सामग्री भी नाले के ऊपर रखी पाई गई। उड़ाही के दौरान इन अवरोधों को हटाने एवं जेसीबी, पोकलेन आदि मशीनों के परिचालन हेतु नाला का चौड़ीकरण अनिवार्य है। इस कारणवश, नाले के किनारे सड़क पर लगे बिजली के खंबों के क्षतिग्रस्त होने की संभावना है। अत: नगर आयुक्त द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी, पाटलिपुत्र अंचल को इस संबंध में पेसू को सूचित करने एवं आवश्यक कार्रवाई करने हेतु पत्र लिखने का निर्देश दिया गया।

निर्माणाधीन दीघा-आर ब्लॉक सड़क किनारे अवस्थित नाले के निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर निर्माण सामग्री, मलबा एवं मिट्टी का ढेर पाया गया। इससे नाले में जल का बहाव अवरुद्ध होने की संभावना है। नगर आयुक्त द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी, पाटलिपुत्र अंचल को उक्त सामग्री हटाने हेतु बिहार राज्य पथ विकास निगम (बीएसआरडीसी) को पत्र लिखने का निर्देश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *